-जनसमस्याओं के समाधान को प्रशासन का संकल्प
-लंबित प्रकरणों पर सख्त नजर, तय समय सीमा में निस्तारण के निर्देश
-जनहित सर्वोपरि, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
-सामाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश
PANIPAT AAJKAL , 20 फरवरी। हरियाणा सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर में दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर शुक्रवार को सामाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर हरियाणा सरकार में आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शायिन ने की। उन्होंने प्रदेश के उपायुक्तों को एक एक करके दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर चर्चा की व समाधान की स्थिति जानी और तत्परता से समाधान के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों और समस्याओं की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
डॉ. पंकज ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शिकायत में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जटिल मामलों के समाधान हेतु विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
डॉ पंकज ने आश्वस्त करते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जा रहा है तथा नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, सीईओ डॉ. किरण, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।