विद्यार्थियों के लिए “क्रिएटिव बुकमार्क डिजाइनिंग कॉन्टेस्ट” का आयोजन किया गया।

admin  1 week, 3 days ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के तत्वावधान में बी.कॉम. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए “क्रिएटिव बुकमार्क डिजाइनिंग कॉन्टेस्ट” का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता अकादमिक एनरिचमेंट एक्टिविटी के अंतर्गत सहायक प्राध्यापिका आकांक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच को विकसित करना, उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना तथा पठन-पाठन एवं आत्मचिंतन की प्रवृत्ति को सुदृढ़ करना था, ताकि वे अध्ययन के प्रति गंभीर एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित कर सकें।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को रीडिंग हैबिट्स और नॉलेज एनरिचमेंट जैसे विषयों पर अपने विचार रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला। गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक संदेशों, आकर्षक रंग-संयोजन तथा कलात्मक डिज़ाइन के माध्यम से अपनी सृजनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रस्तुत बुकमार्क में कल्पनाशीलता, सौंदर्य-बोध और विषय की गहन समझ स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस प्रतियोगिता में कुल 12 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें नवाचार, सृजनात्मकता और मूल्यपरक चिंतन का समावेश होना आवश्यक है।

विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बुकमार्क डिजाइनिंग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, आत्मविकास और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। कक्षा की  मेंटर आकांक्षा शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन एवं मनन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना और ज्ञान के प्रति उनकी रुचि को सशक्त करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की।

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि संगीता ने प्रथम स्थान, अंजलि एवं नैना ने द्वितीय स्थान, खुशी एवं प्राची ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा अमन को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुई तथा महाविद्यालय में अध्ययन एवं चिंतन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

img
img