-तस्कर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की वर्दी पहनकर और नीले रंग के पुलिस लिखे कैंटर में अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे, नकली आईडी कार्ड भी बरामद
-अवैध शराब को तस्करी के लिए बिहार ले जाया जा रहा था
PANIPAT AAJKAL , 19 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए वन पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ कर सेक्टर 40 की पार्किंग में अवैध शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा है। नीले रंग के कैंटर पर आगे पुलिस लिखवाया हुआ था। पुलिस ने मौके पर दो तस्कारों को पकड़ा है, तस्करों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की वर्दी पहनी हुई थी। आरोपियों से फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। आरोपियों की पहचान खोजकीपुर निवासी मोनू व आटा निवासी संदीप के रूप में हुई है। कैंटर से 502 पेटी अवैध शराब व बीयर बरामद हुई है।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने वीरवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को बुधवार सुबह गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सीआरपीएफ की वर्दी में नीले रंग के कैंटर को सैक्टर 40 की पार्किंग में खड़ा कर आराम कर रहे है। कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। पुलिस टीम ने मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर को साथ लेकर पार्किंग में पहुंची। पार्किंग मे नीले रंग का एक कैंटर खड़ा दिखाई दिया, जिसके आगे पुलिस लिखा हुआ था, और अंदर दो व्यक्ति अर्ध सैनिक बल की वर्दी पहनकर आराम कर रहे थे। तलाशी लेने पर उनकी जेब से राजिंद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह नाम वाले सीआरपीएफ के पहचान पत्र मिला। पहचान पत्र पर फोटो लगी थी और रैंक CT/GD (सिपाही जनरल ड्यूटी) लिखा था। पुलिस ने शक के आधार पर गहनता से पूछताछ की तो आरोपियों ने अपने असली नाम मोनू पुत्र सतपाल निवासी खोजकीपुर जो राजिंद्र सिंह बनकर बैठा था। संदीप पुत्र सुखबीर निवासी आटा जो सुखविंद्र सिंह बनकर बैठा था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह नीले रंग के पुलिस लिखे उक्त कैंटर में अवैध शराब की तस्करी करते है। कोई उन पर शक न करे और पुलिस को धोखा देने के लिए सीआरपीएफ की वर्दी पहनी है। आईडी कार्ड भी फर्जी लिया है।
पुलिस टीम ने एक्साइज इंस्पेक्टर अरविंद डागर की उपस्थिति में कैंटर का पीछे से तिरवाल हटवा डाला खुलवा कर देखा तो काफी मात्रा में अवैध शराब से भरी पेटियां मिली। आरोपियों के पास बरामद शराब का कोई परमिट व लाइसेंस नहीं मिला। अवैध शराब को कैंटर से नीचे उतारकर गिनती की तो 35 पेटी मैकडॉवेल्स, 181 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब और 286 पेटी थंडरबोल्ट बियर की पाई गई।
उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह अवैध शराब से भरा कैंटर पंजाब के पटियाला से तस्करी के लिए बिहार लेकर जा रहे थे। इसके लिए उन्हें 25-25 हजार रुपए मिलते थे। इससे पहले भी वह इसी प्रकार अवैध शराब की तस्करी कर चुके है। अर्ध सैनिक बल के वेश में और फोर्स के कैंटर के जैसे दिखने वाले कैंटर का इस्तेमाल किया, इसलिए ये पकड़ में नही आए थे।
उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में बीएनएस की धारा 318(4), 319, 336(3), 338, 340(2) और एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने वीरवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा उसे उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही अवैध शराब तस्करी में संलिप्त आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।