-किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: ट्रैक्टर पर मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान
-एससी किसानों के लिए सुनहरा अवसर, 20 फरवरी को होगा ऑनलाइन ड्रा
-कृषि यंत्रीकरण से बढ़ेगी आय, पारदर्शी प्रक्रिया से होगा लाभार्थियों का चयन
PANIPAT AAJKAL , 19 फरवरी। राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर पर अनुदान प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उपायुक्त डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि एसबी-89 स्कीम 2025-26 के तहत अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर अनुदान उपलब्ध करवाने के लिए 15 जनवरी तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि पात्र लाभार्थियों का चयन 20 फरवरी को प्रात 9 बजे जिला सचिवालय में जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति द्वारा ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। चयनित किसानों को 45 या उससे अधिक हॉर्स पावर के ट्रैक्टर पर 50 प्रतिशत अनुदान अथवा अधिकतम तीन लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने, खेती को आधुनिक बनाने तथा कृषि उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों के कल्याण के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक संसाधनों से सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का माध्यम है। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और डिजिटल माध्यम से की जाएगी ताकि योग्य किसान तक लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचे।
उन्होंने पात्र किसानों से अपील की कि वे 20 फरवरी को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर आयोजित ऑनलाइन ड्रा में भाग लें और योजना का लाभ उठाएं। विदित रहे कि जिला प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद है कि इससे कृषि यंत्रीकरण को नई गति मिलेगी।