एन.एस.एस. यूनिट द्वारा एक दिवसीय शिविर  “स्वच्छ हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा”का सफल आयोजन किया गया।

admin  5 hours, 55 minutes ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL : आई.बी.पी.जी. महाविद्यालय में एन.एस.एस. यूनिट द्वारा एक दिवसीय शिविर “स्वच्छ हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा”का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज़ स्वयंसेवकों द्वारा किए गए योगाभ्यास से हुआ, जिसने न केवल शरीर को ऊर्जावान बनाया बल्कि एकाग्रता का संदेश भी दिया। प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छता महज एक शब्द नहीं, बल्कि एक संस्कार और आदत होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'स्वच्छ हरियाणा-स्वस्थ हरियाणा' अभियान का मूल उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता लाना है, जो हमारे जीवन की गुणवत्ता के लिए अनिवार्य है। इसके पश्चात आयोजित मुख्य व्याख्यान सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने अपने संबोधन में स्वच्छता को एक राष्ट्रीय मिशन के रूप में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी का यह नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने परिवेश को साफ रखें। डॉ. मदान ने इस बात पर विशेष बल दिया कि इस शिविर का उद्देश्य केवल कॉलेज परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश भर के समुदायों को स्वच्छता प्रयासों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की एक पहल है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सफाई के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं को इस अभियान का अग्रदूत बनने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा की और जन भागीदारी के माध्यम से हरियाणा को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के बारे में बताया। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कार्ड मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता और सेल्फी प्रॉप्स बनाने जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। सभी गतिविधि के विजेताओं को एलएन मिगलानी , महासचिव प्रबन्धन समिति , रवि गोसाई , कोषाध्यक्ष प्रबन्धन समिति,डॉ. शशिप्रभा मालिक, प्राचार्या , डॉ. किरण मदान, उप प्राचार्या, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वयंसेवकों ने इन गतिविधियों के माध्यम से अपनी कलात्मकता और वैचारिक स्पष्टता का परिचय दिया। सायंकालीन सत्र में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ शिविर का समापन हुआ। डॉ. नीतू ने कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

img
img