महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

admin  1 day, 4 hours ago Top Stories

-सरकार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 3 लाख तक ऋण दे रहा हरियाणा महिला विकास निगम
-स्वरोजगार की नई राह: ब्याज पर सब्सिडी के साथ मिलेगा 3 लाख तक का लोन
-ट्रेनिंग से लेकर वित्तीय सहायता तक—विधवा महिलाओं के लिए समर्पित योजना शुरू

PANIPAT AAJKAL , 15 फरवरी। विधवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के माध्यम से पात्र महिलाओं को बैंकों के जरिए 3 लाख रूपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें और सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि इस योजना का लाभ 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की उन विधवा महिलाओं को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक है। कुल ऋण राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा महिला को स्वयं वहन करना होगा, जबकि शेष राशि बैंक के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी।
विशेष बात यह है कि बैंक द्वारा लगाए जाने वाले ब्याज की प्रतिपूर्ति हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा सब्सिडी के रूप में की जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा 50 हजार रुपये अथवा 3 वर्ष (जो भी पहले हो) निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत बुटीक, सिलाई-कढ़ाई, ऑटो व ई-रिक्शा, मसाला एवं आचार इकाइयां, खाद्य प्रसंस्करण, कैरी बैग निर्माण, बेकरी, रेडीमेड गारमेंट्स, कंप्यूटर कार्य आदि विभिन्न व्यवसायों के लिए ऋण दिया जाएगा। साथ ही, महिलाओं को ऋण स्वीकृति से पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें और उन्हें किसी प्रकार की कार्य-कुशलता की कमी महसूस न हो।
उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है।
हरियाणा महिला विकास निगम की जिला प्रबंधक सीमा देवी ने बताया कि यह योजना विधवा महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने पात्र महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लें।
इच्छुक महिलाएं जिला कार्यालय, हरियाणा महिला विकास 0180-2656156 पर संपर्क कर सकती हैं।

img
img